रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव में महागठबंधन ने शानदार जीत दर्ज की है। महागठबंधन ने चुनाव में जीत के साथ साथ कई रिकॉर्ड भी बनाए हैं। महागठबंधन की पार्टियों ने कई ऐसे सीट से जीत हासिल की है जहां से पार्टी की पुरानी कहानी जुड़ी है। इसी में से एक सीट है बड़कागांव विधानसभा सीट। इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अंबा प्रसाद ने चुनाव जीतकर 2019 में सबसे कम उम्र की विधायक बनने का इतिहास रचा है। मात्र 31 साल की उम्र में अम्बा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आजसू पार्टी के प्रत्याशी रोशनलाल चौधरी को 30,140 मतों से मात दी है। कांग्रेस प्रत्याशी अंबा प्रसाद को 93,295, वहीं रोशनलाल चौधरी को 63,116 वोट मिले हैं।

खास बात यह है कि बड़कागांव विधानसभा सीट से इससे पहले पिछले चुनाव में अम्बा के पिता और मां ने चुनाव जीतकर विधायक बनने का काम किया है। बड़कागांव विधानसभा से इसके पूर्व अंबा प्रसाद के पिता योगेंद्र साहू 2009 में और मां निर्मला देवी ने 2014 में चुनाव जीता था। यह संयोग ही है कि बड़कागांव विधानसभा में पांचवी बार जीत की हैट्रिक लगी है। इससे पहले भी जो प्रत्याशी पहली बार यहां से चुनाव जीते, उन्होंने जीत की हैट्रिक बनाई थी।