देवघर : देवघर विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी सुरेश पासवान ने 2 सेटों में नामांकन पत्र एसडीओ सह निर्वाचिन पदाधिकारी विशाल सागर के समक्ष दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद आर मित्रा मैदान में महागठबंधन की सभा हुई। सभा को संबोधित करते हुए झारखंड प्रभारी सह बांका के पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि झारखंड से भाजपा भगाओ आंदोलन के तहत महागठबंधन को जीत दिलायें। इस डबल इंजन की सरकार से झारखंड का भला नहीं होने वाला है। जनता त्रस्त है। उन्होंने प्रत्याशी सुरेश पासवान के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की।

राजद प्रत्याशी सुरेश पासवान ने समर्थकों से चुनाव प्रचार में पूरी तन्मयता से जुट जाने की अपील की व कहा कि घर जा जाकर जनता से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनी तो सभी को उनका हक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य का तेजी से विकास किया जाएगा।

वहीं इसके अलावा गायक छोटू छलिया ने अपने गानों से सुरेश पासवान को वोट देने की अपील की। इस दौरान नाथ नगर से आई राजद नेत्री रबिया खातून, गोड्डा से राजद प्रत्याशी संजय यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुन्नम संजय, भूतनाथ यादव, संजय शर्मा, अमरेंद्र यादव, नित्यानंद केसरी, मनोज कुमार ने भी लोगों को संबोधित किया। इस दौरान प्रतिमा सिन्हा भी मौजूद थे।