परिजन हत्या की जता रहे हैं आशंका

कुछ दिनों पूर्व एक युवक ने दी थी जान से मारने की धमकी
देवघर/संवाददाता। बुधवार को अपराहन करीब 3:00 बजे नगर थाना क्षेत्र के जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय परिसर स्थित मध्य विद्यालय पुराना मीना बाजार के शौचालय से पुलिस ने सोमवार से लापता एक 18 वर्षीय युवक का शव बरामद किया है। मृतक का नाम रणधीर कुमार पिता विनोद धपरा था। वह नगर थाना क्षेत्र के केकेएन स्टेडियम के समीप का रहने वाला था। सोमवार पूर्वाहन करीब 11:00 बजे के बाद से वह लापता था। जिसके बाद परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। हालांकि मामले की शिकायत परिजनों द्वारा थाना में नहीं दी गई थी। परिजन पास में ही रहने वाले एक युवक पर उसकी हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व उक्त युवक द्वारा उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन सहित दर्जनों की संख्या में आसपास के लोग वहां जमा हो गए। शव मिलने की सूचना मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विक्रम प्रताप सिंह, पीएसआई प्रवीण कुमार, एएसआई श्रीकांत वाजपेयी सहित भारी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान युवक के गले पर निशान पाया गया है। जबकि उसके सर में भी चोट लगने की आशंका जताई जा रही है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसकी मौत एक-दो दिन पूर्व ही हो चुकी है। उसके बाद पुलिस द्वारा मामले की छानबीन करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। जहां शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

एक युवक का शव बरामद किया गया है। जिसकी पहचान रणधीर कुमार के रूप में की गई है। परिजन एक युवक पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
विक्रम प्रताप सिंह थाना प्रभारी नगर थाना

कुछ दिनों पूर्व रणधीर को दी गई थी जान से मारने की धमकी

सोमवार पूर्वाह्न 11:00 बजे से लापता नगर थाना क्षेत्र के केकेएन स्टेडियम के समीप निवासी रणधीर कुमार का शव बुधवार अपराह्न करीब 3 बजे जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय परिसर स्थित मध्य विद्यालय पुराना मीना बाजार के शौचालय से बरामद किए जाने के बाद परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप अपने पड़ोसी विक्रम धपरा पर लगाया है। परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व विक्रम धपरा ने रणधीर को अकेले पाए जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। जिसके बाद में सोमवार पूर्वाह्न करीब 11:00 बजे से ही वह लापता था। उसके बाद से ही परिजन सभी जगह उसकी खोजबीन कर रहे थे। उसी क्रम में बुधवार को अपराहन बेला में उसका छोटा भाई राजीव मध्य विद्यालय पुराना मीना बाजार के बगल से गुजर रहा था। तो उसे कुछ दुर्गंध महसूस हुआ। संदेह होने पर उसने विद्यालय परिसर में घुसकर खोजबीन करनी शुरू की। खोजबीन के क्रम में विद्यालय के शौचालय में रणधीर का शव देखने के बाद उसने घर जाकर इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। उसके बाद उसके परिजन व अन्य लोग वहां जमा हो गए और पुलिस को इसकी सूचना दी। हालांकि रणधीर के परिजनों द्वारा उसके लापता होने की सूचना थाना में नहीं दी गई थी। उन लोगों ने बताया कि वेलोग अपने स्तर से ही उसकी खोजबीन कर रहे थे। बाद में बुधवार को वेलोग थाना में इसकी सूचना देने जाने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही उसका शव बरामद कर लिया गया। आसपास के लोगों की माने तो मृतक का विक्रम धपरा की पत्नी से अवैध संबंध था जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था और विक्रम ने रणधीर को जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि इसमें कितनी सच्चाई है यह तो जांच के बाद ही सामने आएगी।

रणधीर का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रणधीर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह शहर में छिनतई व झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने में संलिप्त रहा है। नगर थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित मां प्लाजा मिनी मॉल के समीप से एक व्यक्ति से 12 हजार 500 रुपए की छिनतई के मामले में वह आरोपी रहा है। मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में उक्त घटना में उसके संलिप्त होने की बात पुलिस को बताई थी।